कुँवर नदी किनारे गोवंश अवशेष मिलने का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी घायल





संवाददाता मोहम्मद यासिर सरायमीर 

आजमगढ़ आजमगढ़। थाना सरायमीर क्षेत्र के सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुँवर नदी किनारे खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर सदरपुर से कादनपट्टी की ओर जा रहे आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर चार आरोपी भागने लगे, जिनमें तीन अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान मो. साबिर पुत्र स्व. शकील (28), निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, चापड़, दो चाकू और लकड़ी का ठीहा बरामद करने का दावा किया है। मौके से फील्ड यूनिट ने खूनआलूदा व सादी मिट्टी, हैंड स्वाब सहित अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में साबिर ने अपने तीन साथियों सैफ, आजम उर्फ पप्पू और असजद के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में गोवध निवारण अधिनियम तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post