दियूनी बैराज से छोड़ा गया 21,560 क्यूसेक पानी, तीन-चार दिन में बढ़ेगा गर्रा का जलस्तर





शाहजहांपुर। गर्रा नदी के जलस्तर में अगले तीन से चार दिनों में बढ़ोतरी की संभावना है। पीलीभीत स्थित दियूनी बैराज से मंगलवार को अपराह्न तीन बजे गर्रा नदी में 21,560 क्यूसेक पानी पास किया गया। इसका असर अगले तीन से चार दिनों में शाहजहांपुर शहर में पहुंचने की संभावना जताई गई है। बाढ़ प्रभारी अधिकारी एवं शारदा नहर खंड के अधिकारियों के अनुसार, अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का वर्तमान जलस्तर 145.55 मीटर है। बैराज से छोड़े गए पानी के प्रभाव से जलस्तर करीब दो मीटर बढ़ने की संभावना है। अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का खतरे का निशान 148.80 मीटर निर्धारित है। जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए नगर क्षेत्र के तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post