शाहजहांपुर। कलान थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा तराना की मौत हो गई। घर से महज 100 मीटर पहले पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरी तराना ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि कलान के मोहल्ला उल्फतनगर निवासी तराना अपने रिश्तेदार इबरान के साथ बाइक से जखिया दवा लेने गई थी। करीब पांच किलोमीटर का सफर तय करने के बाद दोनों मिलकिया मोड़ पहुंचे। घर की गली में बाइक मोड़ते समय पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तराना सड़क पर जा गिरी और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।
तराना चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता जाकिर मछली बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के समय वह काम पर गए थे। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मां फरजाना का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटी को आवाज लगाकर बुलाती रहीं। आसपास की महिलाओं और रिश्तेदारों ने किसी तरह उन्हें संभाला। परिवार की आंखों के सामने जवान बेटी की दर्दनाक मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट।
Post a Comment