देवरिया उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति स्थापित की गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाने के दौरान गुरुवार को जमकर बवाल हो गया। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया।
प्रशासन के अनुसार, मंगलवार रात सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार को राजस्व विभाग और पुलिस की टीम प्रतिमा हटाने पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि उस दौरान महिलाओं को आगे कर विरोध किया गया, जिसके बाद टीम वापस लौट गई।
गुरुवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम दोबारा गांव पहुंची। प्रतिमा हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया।
बाद में प्रशासन ने प्रतिमा को हटाकर थाने भेज दिया और जिस चबूतरे पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, उसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्रतिमा स्थापना नियमों के विरुद्ध है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिडिया रिपोर्ट एम एस जे
Post a Comment