ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर में अधिक शुल्क की शिकायत पर डीएम नाराज




जौनपुर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षणार्थियों को दी जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और निर्धारित शुल्क के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अवधेश कुमार और शिवपूजन पटेल ने शिकायत की कि वकील द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली गई है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रशिक्षणार्थियों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की धनराशि नहीं ली जानी चाहिए। भविष्य में अधिक शुल्क वसूली या अन्य किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ट्रेनिंग ट्रैक का भी निरीक्षण किया। ट्रैक की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रशिक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप प्रशिक्षण केंद्र का संचालन पारदर्शी तरीके से निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संवाददाता एम एस जाविर

Post a Comment

Previous Post Next Post