छुट्टा सांड ने छीनी कपड़ा व्यापारी की जिंदगी, दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया




शाहजहाँपुर मदनापुर कटरा-मदनापुर-जलालाबाद हाईवे पर सोमवार रात छुट्टा सांड काल बनकर सामने आ गया। सांड से बाइक की जोरदार टक्कर में कपड़ा व्यापारी संजीव (35) की मौत हो गई। हादसा मदनापुर थाना क्षेत्र में बरुआ पट्टी बाजार से करीब 500 मीटर आगे आटा चक्की के पास हुआ।

बरुआ पट्टी सनायक निवासी संजीव मदनापुर में कपड़े की दुकान चलाते थे। सोमवार रात वह पिता को खाना देने बाइक से मदनापुर जा रहे थे। रास्ते में अचानक सड़क पर आए छुट्टा सांड से बाइक टकरा गई। हादसे में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सीएचसी मदनापुर और फिर मेडिकल कॉलेज शाहजहाँपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

संजीव की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। संजीव अपने पीछे पांच वर्षीय मितान्श और तीन वर्षीय शिवांश को छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

छुट्टा गोवंश पर फिर उठे सवाल

सावन में कांवड़ियों की भारी आवाजाही के बीच हाईवे और संपर्क मार्गों पर घूम रहे छुट्टा गोवंश हादसों का बड़ा खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से छुट्टा गोवंश को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post