ग्राम टिकरी के इसराइल अहमद बने सहायक लेखाकार, कड़ी मेहनत से हासिल की सफलता




 उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से जारी सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा के अंतिम चयन परिणाम में ग्राम टिकरी निवासी इसराइल अहमद पुत्र सलाउद्दीन का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उनकी सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
इसराइल अहमद अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े हैं। उन्होंने प्रयागराज में रहकर लंबे समय तक मेहनत और संघर्ष किया, जिसके बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले इसराइल ने अपनी लगन और मेहनत के दम पर सरकारी सेवा में स्थान बनाया है।
इसराइल अहमद के पिता अरमान शेख चिरकिहिट में छोटी सी दुकान चलाते हैं। वहीं उनके छोटे भाई इसराफिल सेना में पैरा कमांडो के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है।
अपनी सफलता पर इसराइल अहमद ने इसका श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत के कारण ही वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सके।
इसराइल के चयन की खबर मिलते ही गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post