भाई ने बहन की इज्जत बचाने के लिए रची साजिश, प्रेमी की हत्या में शामिल होने की बात कबूलीगौतम हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी का दावा, बहन को लेकर विवाद और कथित ब्लैकमेलिंग से था परेशान





शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के चर्चित गौतम हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक नया सुराग मिला है। मामले में गिरफ्तार आरोपी अश्वनी ने पुलिस पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि बहन को लेकर चल रहे विवाद, कथित ब्लैकमेलिंग और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उसने मुख्य आरोपी समीर के साथ मिलकर गौतम की हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अश्वनी ने बताया कि गौतम, समीर समेत कुछ युवक उसकी बहन से बातचीत करते थे और उस पर अन्य लोगों से बात न करने का दबाव बनाते थे। आरोपी का आरोप है कि विरोध करने पर उसे और उसकी बहन को जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं। हालात बिगड़ने पर उसने बहन का विवाह तय किया, लेकिन उसका दावा है कि गौतम और समीर ने मिलकर वह रिश्ता तुड़वा दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि इसके बाद उसने गौतम और समीर के बीच चल रहे विवाद का फायदा उठाते हुए गौतम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने समीर से संपर्क किया, जिस पर समीर ने गौतम की हत्या करने का भरोसा दिया। आरोपी का यह भी कहना है कि उसने समीर से उसकी बहन से दूरी बनाने के लिए कहा था, लेकिन समीर ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
पूछताछ में अश्वनी ने पुलिस को बताया कि वह काम के सिलसिले में दिल्ली चला गया था। 31 जुलाई की सुबह समीर का फोन आया और उसने अपने रिश्तेदार विक्की को बीच में न आने देने की बात कही। आरोपी के अनुसार, उसने घर पहुंचकर बात करने की बात कही, लेकिन अगले ही दिन उसे गौतम की हत्या की सूचना मिली।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अश्वनी ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अजय सिंह, विशेष संवाददाता, शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post