जौनपुर कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति/चयन पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बताया कि जनपद में कुल 71 प्राविधिक सहायकों का चयन हुआ है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से शासन की योजनाओं को पात्र किसानों तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि कृषि कर्मी किसानों के हित में पूरी जिम्मेदारी और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने भी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं दीं और कृषि एवं किसान हित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को कहा। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी पीडी आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया। उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
संवाददाता शुभाष शाश्त्री
Post a Comment