एमटीएनएल के करोड़ों के केबल चोरी कांड में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, MTNL कर्मचारी समेत 3 और गिरफ्तार, कुल 7 आरोपी गिरफ्तार





मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-10 ने करोड़ों रुपये के एमटीएनएल केबल चोरी मामले में कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एमटीएनएल के कांडिवली टेलीफोन एक्सचेंज में कार्यरत एक कर्मचारी भी शामिल है। इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
डीसीपी (डिटेक्शन-1) नवनीत ठाकाजी धवले के मार्गदर्शन में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर विशाल राजे और उनकी टीम ने 30 जून को बोरीवली पूर्व स्थित मागाठाणे टेलीफोन एक्सचेंज के पास चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से एमटीएनएल केबल, जेसीबी मशीन, टेम्पो समेत करीब 1.10 करोड़ रुपये का माल बरामद किया था।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने साकीनाका से साहिल केलकर और मनोज गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसके बाद शुक्रवार देर रात कांडिवली टेलीफोन एक्सचेंज में क्लर्क के पद पर कार्यरत विनोद कुंदन यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विनोद कुंदन यादव ने गोरेगांव, समतानगर, कांडिवली, मीरा रोड और बोरीवली क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के एमटीएनएल केबल चोरी रैकेट में अहम भूमिका निभाई थी। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे गिरोह में अन्य एमटीएनएल कर्मचारियों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।


 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post