संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के खरछा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक विवाहिता ने कथित रूप से अपने तीनों बच्चों को साड़ी से अपनी कमर में बांधकर पोखरे में छलांग लगा दी। इस घटना में उसके दो मासूम बेटों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी किसी तरह बंधन से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही। महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदलेश यादव पुत्र बंसराज यादव निवासी खरछा का विवाह जयाप्रदा यादव पुत्री पारस यादव निवासी खरसाहन थाना दीदारगंज से हुआ था। दंपति के तीन बच्चे हैं—आठ वर्षीय पुत्री मानवी यादव, तीन वर्षीय पुत्र कृष्ण यादव तथा 18 माह का पुत्र राघव यादव।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच जयाप्रदा बच्चों को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली। कुछ देर बाद मानवी रोती-बिलखती घर पहुंची और परिजनों को बताया कि उसकी मां तीनों बच्चों को साड़ी से अपने शरीर में बांधकर पोखरे में कूद गई है। सूचना मिलते ही ग्रामीण खरवां गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पोखरे पर पहुंचे और महिला व बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन वर्षीय कृष्ण यादव और 18 माह के राघव यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि जयाप्रदा का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना पर सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में पति बिंदलेश यादव ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रही थी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि महिला का व्यवहार अक्सर उग्र रहता था और घर में विवाद होता रहता था। यह भी बताया गया कि 5 जुलाई को वह तीनों बच्चों को लेकर बरेली चली गई थी, जहां से परिजन उसे वापस लेकर आए थे।
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृत बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment