अवैध नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, ओटी और वार्ड सीज लेकिन लालगंज तहसील क्षेत्र में खुले आम चल रहे झोलाछाप डॉक्टरों के अस्पताल स्वास्थ्य विभाग की छत्रछाया में




संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़ जनपद में अवैध चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को महराजगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नर्सिंग होम को सीज कर दिया, जबकि एक पैथोलॉजी संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन तथा जिलाधिकारी के आदेश पर जिले भर में बिना वैध पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लिनिकों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में महराजगंज क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान शिवा नर्सिंग होम की जांच में पता चला कि प्रतिष्ठान का पंजीकरण केवल क्लिनिक के रूप में था, जबकि वहां अवैध रूप से नर्सिंग होम, वार्ड तथा ऑपरेशन थिएटर संचालित किया जा रहा था। यह संबंधित नियमों और मानकों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। साथ ही प्रतिष्ठान के संबंध में एक बच्चे की मृत्यु की शिकायत भी प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से वार्ड और ऑपरेशन थिएटर को सीज कर दिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावा महराजगंज थाने के पास संचालित दीपिका पैथोलॉजी का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पैथोलॉजी का वैध पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला। इस पर संचालक को तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित किसी भी चिकित्सकीय प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। बिना वैध अनुमति और मानकों की अनदेखी कर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
मुख्यचिकित्सा अधिकारी के खोखले दावे लालगंज बाजार क्षेत्र मे धड़ल्ले से चल रहे हैं अवैध नर्सिंगहोम अस्पताल जच्चा-बच्चा केंद्र इससे पहले भी कई मर्तब इनको सीज कया गया या नोटिस दी गई फिर यह कैसे खुलेआम अपना कार्य कर रहे हैं क्या स्वास्थ्य विभाग की कृपा बनी हई है इन पर इन प्रश्नोंका उत्तर कौन देगा 

Post a Comment

Previous Post Next Post