संवाददाता प्रभाकर यादव
अयोध्या कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के ऋणमोचन घाट में नजूल भूमि के विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नौ नामजद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित प्रभाकर यादव निवासी ऋणमोचन चौराहा के अनुसार, पड़ोसियों के साथ नजूल भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि उक्त भूमि पर सार्वजनिक उपयोग के लिए नगर निगम द्वारा सरकारी नल लगवाए जाने से नाराज होकर बुधवार रात करीब आठ बजे रामदेव, लक्ष्मण यादव, नरेश, राकेश, गणेश, बिल्लू, मुन्ना, रामजी तथा रक्षाराम उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
प्रभाकर के अनुसार, उनका भाई सौरभ बाहर आया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश, उमेश और अन्य पर भी हमला किया गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान विपक्षी पक्ष की महिलाओं ने भी पथराव किया। जान बचाने के लिए सभी लोग घर के अंदर चले गए। पीड़ित का कहना है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस के आने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
Post a Comment