संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के मदियापार मोड़ स्थित अंश चिल्ड्रेन हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। अस्पताल में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद आजमगढ़ मंडल के आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। आयुक्त के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।
शिकायतकर्ता रमाकांत मिश्र, क्षेत्रीय संयोजक, गोरखपुर क्षेत्र (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में बिना किसी योग्य चिकित्सक की नियमित मौजूदगी के नवजात शिशुओं का एनआईसीयू (NICU) उपचार, नेबुलाइजर सुविधा और विभिन्न प्रकार के टीकाकरण का संचालन किया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अस्पताल संचालक के पास आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता नहीं है और संस्थान निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में फायर सेफ्टी, बायो-मेडिकल वेस्ट (मेडिकल अपशिष्ट) प्रबंधन जैसी अनिवार्य व्यवस्थाओं का अभाव है। साथ ही, कथित रूप से काल्पनिक चिकित्सकों की डिग्रियों के आधार पर अस्पताल संचालित किए जाने और योग्य डॉक्टर की नियमित तैनाती न होने की बात भी उठाई गई है।
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त, आजमगढ़ मंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), आजमगढ़ को विशेषज्ञों की टीम गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी हैं। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो अस्पताल के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, जांच पूरी होने तक शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
Post a Comment