शाहजहाँपुर। यातायात नियमों का पालन कराने और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने वाली पुलिस खुद नियमों के पालन में लापरवाही बरतती नजर आ रही है। शहर में सामने आई एक तस्वीर ने व्यवस्था की इस दोहरी तस्वीर को उजागर कर दिया है, जहां नियमों का पाठ पढ़ाने वाले ही नियमों को दरकिनार करते दिख रहे हैं। तस्वीर में दो पुलिसकर्मी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर फर्राटे भरते दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बाइक पर न तो पंजीकरण संख्या अंकित है और न ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगी हुई है। इतना ही नहीं, दोनों पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के सवारी करते नजर आ रहे हैं, जो स्वयं यातायात नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा बाइक में तेज आवाज वाला साइलेंसर भी लगा हुआ है, जिस पर आमतौर पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाती है। यदि यही उल्लंघन कोई आम नागरिक करता है, तो उसके खिलाफ चालान से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जाती है। सवाल यह उठता है कि जब नियमों को लागू कराने वाले महकमें के कर्मी ही उनका पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता में नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन कैसे सुनिश्चित किया जा सकेगा। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस भी कार्रवाई से बचती नजर आती है, क्योंकि मामला अपने ही विभाग से जुड़ा होता है। इससे आम नागरिकों के बीच यह संदेश जाता है कि नियम केवल उनके लिए ही सख्ती से लागू हैं, जबकि विभागीय स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज किया जाता है। ऐसे में आवश्यकता है कि पुलिस विभाग अपने ही कर्मियों के प्रति भी समान रूप से नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करे।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment