सुंदरता के जाल में फंसाकर करते थे लूट! नोएडा पुलिस ने पकड़ा हाई-प्रोफाइल गैंग




नोएडा सेक्टर-24 थाना पुलिस ने ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, गैंग में शामिल तीन युवतियां—निधि यादव, प्रियंका यादव और रिया यादव—सोशल मीडिया और फ्रेंडशिप क्लब के जरिए युवकों से संपर्क करती थीं।
दोस्ती का भरोसा जीतने के बाद युवकों को मिलने के लिए सुनसान स्थान पर बुलाया जाता था। वहां पहले से मौजूद गैंग के अन्य सदस्य ओमवीर यादव, मंजेश यादव और पंकज यादव पहुंच जाते थे। इसके बाद पीड़ित के साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लिया जाता था।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था। कई पीड़ित बदनामी और शर्म के डर से पुलिस में शिकायत नहीं करते थे, जिसका फायदा उठाकर गैंग लगातार सक्रिय रहा।
जांच में सामने आया कि लूट से कमाए गए पैसों से आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर समेत दो अन्य कारें खरीदीं और आलीशान जीवनशैली जी रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने गिरोह के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post