फर्जी रेलवे टिकट और लेटरहेड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार





मुंबई, 30 जुलाई 2026: मालाबार हिल पुलिस ने रेलवे प्रशासन
से मिली शिकायत के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी रेलवे टिकट, रेलवे के नाम से नकली लेटरहेड और रेलवे अधिकारियों के जाली हस्ताक्षर तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मालाबार हिल पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रेलवे के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और उनका इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, गुजरात और मुंबई के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप, 16 सिम कार्ड, 70 से अधिक डेबिट और क्रेडिट कार्ड तथा रेलवे बुकिंग से जुड़ा गोपनीय डेटा बरामद किया है। इसके अलावा दो फर्जी रेलवे स्टांप और दो रेलवे कर्मचारियों के नकली पहचान पत्र भी जब्त किए गए हैं।पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ कुली और रेलवे पुलिस थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क देश के अन्य हिस्सों तक फैला हुआ है या नहीं।
मालाबार हिल पुलिस की इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। 

संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post