मुंबई, 30 जुलाई 2026: मुंबई पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए
रखने और अपराध पर लगाम कसने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ ज़ोन-3 क्षेत्र के 12 शातिर अपराधियों को एक वर्ष के लिए मुंबई शहर और उपनगर की सीमा से तड़ीपार कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त, उत्तर परिमंडल-3 के अधीन आने वाले विभिन्न पुलिस थानों के इतिहासशीटर अपराधियों की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई। इन अपराधियों पर मारपीट, हफ्तावसूली, रंगदारी, लूट, जबरन वसूली, हथियारों के बल पर धमकी देने और इलाके में दहशत फैलाने जैसे गंभीर आरोप हैं।
मुंबई पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों की गतिविधियों के कारण आम नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों में भय का माहौल बन गया था। कई लोग डर के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी बच रहे थे।
महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत संबंधित पुलिस थानों ने तड़ीपार के प्रस्ताव भेजे थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 12 अपराधियों को एक साल के लिए मुंबई और मुंबई उपनगर जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
तड़ीपार किए गए अपराधियों में कस्तूरबा मार्ग, समतानगर और दहिसर पुलिस थाना क्षेत्रों के आरोपी शामिल हैं। इनमें जतीन दिलीप थोड़ी, शौकत अली शेख, आसिफ पाशा पठान, सतिश कुमार सोनी उर्फ जगत, आदेश अरुण लगाडे, कपिल सुरेश माने, सुजीत रामपाल मिश्रा, रामेश्वर ठेंगे, जगदीश जोशी उर्फ सूर्य, परवेज हुसैन पटेल, सागर निगुडकर और जय पटेल के नाम शामिल हैं।
मुंबई पुलिस ने सभी पुलिस थानों को तड़ीपार आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई तड़ीपार अपराधी आदेश का उल्लंघन करते हुए मुंबई में प्रवेश करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में कोई तड़ीपार अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के आपातकालीन नंबर 100 या 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment