मुंबई: राज्य स्तर पर वांछित आरोपी गिरफ्तार, कालाचौकी पुलिस ने पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस किए बरामद




मुंबई:मुंबई पुलिस की कालाचौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य स्तर पर वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आरिफ मोहम्मद आलम शेख (32) के रूप में हुई है, जो गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जे.जे. अस्पताल परिसर के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक भारतीय निर्मित पिस्टल (7.65 मिमी बोर) और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹25,000 बताई गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट और अन्य संगीन अपराधों सहित करीब 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर पहले भी महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
कालाचौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कहां से हासिल किए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कालाचौकी पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा की गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। 

संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post