महाराष्ट्र में युवती की संदिग्ध मौत, पैतृक गांव खानपुर पहुंचा शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप




संवाददाता मोहम्मद यासिर 

आजमगढ़  सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव की एक युवती की महाराष्ट्र के ठाणे जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव उसके पैतृक गांव खानपुर पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार एकत्र हुए। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार दुर्वासा धाम में गमगीन माहौल में किया गया।

जानकारी के अनुसार, खानपुर निवासी रमेश चंद्र अपने परिवार के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ओचले थाना क्षेत्र में रहते हैं। उनके साथ उनकी बेटी भी रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, 25 जुलाई को युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सोमवार को शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंचते रहे। अंतिम संस्कार से पहले ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से युवती को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतका के भाई ने भी बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

परिजनों का कहना है कि घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से गांव में शोक के साथ-साथ न्याय की मांग भी तेज हो गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post