फर्जी वीजा और टिकट से कुवैत भेजने के नाम पर ₹2.24 लाख की ठगी आरोपी गिरफ्तार



संवादाता मोहम्मद यसिर


सरायमीर (आजमगढ़)। विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में सरायमीर थाना पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को खरेवां मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, गंगापुर बिजौरा निवासी राजू राम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गोरखपुर निवासी संदीप ठाकुर ने उनके दो रिश्तेदारों को कुवैत भेजने के नाम पर ₹2.24 लाख लिए और फर्जी वीजा व हवाई टिकट उपलब्ध कराया। दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान दोनों दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिससे पूरा मामला उजागर हो गया।
पीड़ित द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने पैसा लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवेचना के दौरान मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेज का प्रयोग, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
सोमवार को उपनिरीक्षक पंकज कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर खरेवां मोड़ से आरोपी संदीप ठाकुर पुत्र जय प्रकाश ठाकुर, निवासी धरमपुर, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
गिरफ्तार करने वाली टीम: उपनिरीक्षक पंकज कुमार यादव, मुख्य आरक्षी धीरज मिश्रा एवं महिला आरक्षी संजू सिंह।

Post a Comment

Previous Post Next Post