16 साल से फरार आरोपी को साकीनाका पुलिस ने किया गिरफ्तार




मुंबई, 30 जुलाई 2026: साकीनाका पुलिस ने 16 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं 143, 145, 147, 148, 332 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अबू मोहम्मद सफ़दर चौधरी (38 वर्ष) के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था। अदालत में पेश न होने के कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
गोपनीय सूचना के आधार पर साकीनाका पुलिस की डिटेक्शन टीम ने पालघर जिले के विरार क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार तकनीकी और गुप्त सूचनाओं की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
साकीनाका पुलिस की इस कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस ने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post