नवी मुंबईः नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने घरफोड़ियों और सोने की चेन लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुल 11 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, वाशी क्षेत्र में हुई एक बड़ी घरफोड़ी की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरफुर रशीद शेख उर्फ दीपक उर्फ राहुल (32) और नौशाद मुस्ताक आलम उर्फ सागर (32) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने नवी मुंबई, मुंबई, ठाणे, पनवेल और अन्य क्षेत्रों में घरफोड़ियों तथा चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने के आभूषण, चोरी की चेन, दो मोटरसाइकिल समेत लगभग 11.61 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
नवी मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आगे और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment