वाराणसी में 'महाचोरी' का महाकांड: GST अफसर के ससुर के घर से ढाई करोड़ के हीरे-जवाहरात और नकदी पार, 3 घंटे तक AC चलाकर घर खंगालता रहा गिरोह




वाराणसी शिवपुर काशी में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए करोड़ों की सनसनीखेज चोरी को अंजाम दिया है। शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर स्थित नवसाधना स्कूल (कला केंद्र) के पास बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर बदमाश करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण और 1.90 लाख रुपये नगद* लेकर फरार हो गए। इस वारदात को पिछले वर्ष संकट मोचन महंत के घर हुई चोरी के बाद वाराणसी की दूसरी सबसे बड़ी चोरी माना जा रहा है।

गांव गया था परिवार, लौटते ही उड़ गए होश

मकान मालिक कुमार विनोद अपनी पत्नी वीना देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 1 जून को बिहार के सासाराम स्थित पैतृक गांव एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 2 जून तक मोबाइल से घर में लगे CCTV कैमरों की निगरानी की जा रही थी और सब कुछ सामान्य दिख रहा था। लेकिन अगले दिन कैमरे बंद दिखाई दिए। 4 जून की शाम पड़ोसियों ने मुख्य दरवाजा खुला होने की सूचना दी, जिसके बाद परिवार तत्काल वाराणसी रवाना हुआ।

रात करीब 10 बजे जब परिवार घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों के ताले टूटे हुए थे और पूरा घर अस्त-व्यस्त पड़ा था।

AC चलाकर आराम से करते रहे चोरी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए और करीब तीन घंटे तक AC चलाकर आराम से पूरे मकान की तलाशी लेते रहे।* इसके बाद उन्होंने घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

पुश्तैनी खजाना भी ले गए चोर

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में हीरे का मंगलसूत्र, आठ सोने के हार, 12 सेट चूड़ियां, चार कड़े, कई चेन, सिकड़ियां, अंगूठियां, नथिया, टीका, माला, कान की बालियां, 75 से अधिक चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन, पायल समेत धार्मिक महत्व की विशेष अंगूठियां शामिल हैं। अधिकांश आभूषण पुश्तैनी हैं, जिनकी कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक* बताई जा रही है।

GST अधिकारी के परिवार का है मकान

कुमार विनोद के पुत्र वैभव कुमार सिंह ने बताया कि चोरी हुए जेवर उनकी मां, पत्नी और बहन विनीता सिंह के हैं। विनीता सिंह के पति शैलेंद्र सिंह मेरठ में GST विभाग में अधिकारी हैं। लगातार तबादलों के कारण परिवार ने अपने बहुमूल्य आभूषण वाराणसी स्थित इस मकान में सुरक्षित रखे थे।

घर की पूरी जानकारी रखने वाले पर शक

पीड़ित परिवार ने घर की साफ-सफाई, दूध वितरण और बागवानी का कार्य करने वाले एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि उसे घर के कई दिनों तक खाली रहने की पूरी जानकारी थी और घटना के बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।

DVR भी उठा ले गए शातिर चोर

घटना की सूचना मिलते ही *डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लीपि नगयाच, एसीपी कैंट, शिवपुर थाना पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। चोर घर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस ने आसपास लगे कैमरों के फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन कर दिया है। संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है और आसपास के सभी तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। करोड़ों की इस चोरी ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


संवाददाता शुभाष तिवारी 

Post a Comment

Previous Post Next Post