सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम, आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला यूपी क्राइम समाचार का संपादक आरोपी गिरफ्तार




संवाददाता सरफराज अहमद

आजमगढ़। सोशल मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम पंकज कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना साइबर क्राइम की टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, गत 16 मई 2026 को फेसबुक पर एक आईडी से ऐसी आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई थी, जिसमें धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किया गया था। उक्त पोस्ट के कारण विभिन्न समुदायों के बीच तनाव एवं वैमनस्य फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर क्राइम में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 299, 353(2) एवं 67D आईटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई।
साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया विश्लेषण एवं डिजिटल जांच के आधार पर संबंधित फेसबुक आईडी का संचालन अरशद जमाल पुत्र स्वर्गीय रईश अहमद निवासी फरिहा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ द्वारा किया जाना प्रकाश में आया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करते हुए ऐसी सामग्री प्रसारित की थी, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं धार्मिक सद्भाव प्रभावित होने की संभावना थी। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post