संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर आजमगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन (26) पुत्र शिवकुमार निवासी गाहुखोर (खानकाह) और मिथलेश यादव (25) पुत्र अभिमन्यु निवासी चककोट (खानकाह), थाना सरायमीर, अपाची बाइक संख्या UP 62 CF 2235 से संजरपुर स्थित एक अस्पताल जा रहे थे।
बताया जाता है कि रात लगभग 11:30 बजे आजमगढ़-शाहगंज मार्ग पर छित्तुपट्टी मंदिर के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही स्कार्पियो संख्या UP 50 AC 6525 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, दुर्घटना में शामिल स्कार्पियो वाहन को कब्जे में लेकर उसके चालक संजय कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Post a Comment