संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़, 22 जून 2026 मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गम्भीरपुर पुलिस द्वारा 353.990 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार अंतरराज्यीय तस्कर की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए लगभग 10.50 लाख रुपये मूल्य के कंटेनर वाहन को विधिक रूप से जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को एसटीएफ लखनऊ एवं गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अमौड़ा टोल प्लाजा के पास कंटेनर वाहन संख्या UP-79 AT-9418 से विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी में छिपाकर ले जाई जा रही 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद की थी। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.77 करोड़ रुपये आंकी गई थी। मामले में औरैया निवासी तस्कर राजीव कुमार यादव उर्फ संजीव कुमार उर्फ संजू को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अभियुक्त की आय और वित्तीय लेन-देन की जांच की। जांच में सामने आया कि तस्करी से अर्जित धनराशि से उक्त कंटेनर वाहन खरीदा गया था। इसके बाद गम्भीरपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत वाहन को फ्रीज करने की कार्रवाई की, जिसे सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM (FOP)A एवं NDPS Act, नई दिल्ली ने विधिसम्मत मानते हुए पुष्टि कर दी।
सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में सोमवार को वाहन के विरुद्ध विधिक जब्तीकरण (Confiscation) की कार्रवाई पूरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों और अपराध से अर्जित उनकी अवैध संपत्तियों के विरुद्ध जनपद पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment