संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जनपद के सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को अनिवार्य रूप से अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराना होगा तथा संबंधित विभागों से एनओसी प्राप्त करनी होगी।
सीएमओ ने निर्देश दिया कि फायर फाइटिंग सिस्टम, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम एवं अग्निशमन उपकरण हर समय सक्रिय एवं कार्यशील स्थिति में रहें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यशीलता, वैधता एवं रिफिलिंग की स्थिति की जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निजी अस्पताल संचालकों से सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन तथा उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अस्पतालों में विद्युत वायरिंग, ऑक्सीजन प्लांट, जनरेटर कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कर्मचारियों के लिए समय-समय पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि कोचिंग संस्थान, डिजिटल लाइब्रेरी एवं शिक्षण संस्थान भी सुरक्षा मानकों का पालन करें।
Post a Comment