मंगरावां रायपुर में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, विद्युत विभाग ने दर्ज कराए कई मुकदमे




संवाददाता अशोक वश्वकर्मा

आजमगढ़ बिंद्राबाजार विद्युत उपकेंद्र मोहम्मदपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मंगरावां रायपुर में मंगलवार को विद्युत विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिजली चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता की टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई उपभोक्ता विभिन्न अवैध तरीकों से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते पाए गए। इनमें मीटर बायपास करना, मीटर काटकर हटाना तथा विद्युत संयोजन को बाईपास कर सीधे बिजली का उपभोग करना शामिल है। टीम ने मौके पर अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे तारों को जब्त कर लिया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
विद्युत उपकेंद्र मोहम्मदपुर के एसडीओ निखिल शेखर सिंह ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग बिजली चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रहा है। ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई उनमें मोहम्मद आतिफ पुत्र मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद हारुन पुत्र स्वर्गीय मोइनुद्दीन, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद अख्तर पुत्र स्वर्गीय रूहल अमीन, सिराज अहमद, मोहम्मद तारिक एवं मोहम्मद आतिफ आलम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें तथा बिजली चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post