85 मुकदमों वाला शातिर आखिर चढ़ा पुलिस के हत्थे, 1 लाख का इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर रविन्द्र वर्मा गिरफ्तार




जौनपुर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹1 लाख के इनामी, अंतरराज्यीय गौ-तस्कर और कुख्यात अपराधी रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और गुजरात समेत विभिन्न राज्यों में कुल 85 आपराधिक मुकदमे* दर्ज हैं, जिससे उसकी गिनती प्रदेश के सक्रिय और शातिर अपराधियों में होती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक खुटहन अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 1 लाख का इनामी अपराधी रविन्द्र वर्मा ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज, पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास अपने घर जाने की फिराक में मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह थाना खुटहन में दर्ज कई गंभीर मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर शासन द्वारा ₹1 लाख का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार रविन्द्र वर्मा गौ-तस्करी, चोरी, लूट, डकैती, फर्जीवाड़ा, शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में लंबे समय से संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, प्रतापगढ़, अम्बेडकरनगर, भदोही, आजमगढ़ सहित कई जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, गुजरात के सूरत शहर में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

सीसीटीएनएस रिपोर्ट के अनुसार आरोपी पर कुल 85 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत थीं। खुटहन पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता ए के सिह परमहंस

Post a Comment

Previous Post Next Post