मुंबई: एमआईडीसी पुलिस ने करीब 60.65 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों के गबन के मामले का पर्दाफाश करते हुए गोल्डस्टार ज्वेलरी कंपनी के एक कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में 100 प्रतिशत मालमत्ता बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, गोल्डस्टार ज्वेलरी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अविनाश गंगाधर कदम (26) को कंपनी की ओर से लगभग ₹60,65,656 मूल्य के आभूषणों की डिलीवरी के लिए भेजा गया था। बाद में उसने दावा किया कि रास्ते में उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और बेहोशी की हालत में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया।
हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कर्मचारी की कहानी पर संदेह हुआ। दुर्घटना में कोई गंभीर चोट न होने के बावजूद उसका अस्पताल में भर्ती रहने का आग्रह और अन्य परिस्थितियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की और घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक व्यक्ति की पहचान की।पुलिस ने मनोज हनमंत जोगदंड (41) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में खुलासा हुआ कि वह और अविनाश कदम पुराने मित्र हैं और दोनों ने मिलकर आभूषण हड़पने के लिए दुर्घटना और चोरी की झूठी कहानी रची थी।
कड़ी पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹60.65 लाख के सभी आभूषण बरामद कर लिए।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।
पुलिस की इस कार्रवाई से कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बचा लिया गया और पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment