1 लाख का इनामी बना 'जीवा' का शूटर! यूपी का खूंखार माफिया उधम सिंह पुलिस के लिए बना सिरदर्द, नेपाल फरार होने की आशंका





मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी और चिन्हित माफिया उधम सिंह की तलाश अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। मेरठ जोन के एडीजी ने उसकी गिरफ्तारी पर घोषित इनाम राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी है। हत्या, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त उधम सिंह पर 71 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से कानून की पकड़ से दूर है।

मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल कस्बे का रहने वाला उधम सिंह वर्ष 2022 में रंगदारी और धमकी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल गया था। बाद में उसे मेरठ जेल से उन्नाव जेल शिफ्ट कर दिया गया। करीब चार वर्ष आठ माह जेल में बिताने के बाद 26 मार्च 2026 को वह जमानत पर रिहा हुआ लेकिन रिहाई के बाद से ही फरार चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि फरारी के दौरान वह देहरादून, चंडीगढ़ और गोवा होते हुए नेपाल पहुंच गया सोशल मीडिया पर उसके गोवा और नेपाल में घूमने के कथित वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब उधम सिंह की जमानत के लिए लगाए गए दस्तावेजों पर सवाल खड़े हो गए। जिन दो व्यक्तियों को जमानती दिखाया गया था, उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने कभी जमानत नहीं ली और उनके नाम व दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया। इस खुलासे के बाद सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उधम सिंह समेत उसके दो सहयोगियों को आरोपी बनाया गया।

फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत लेने के आरोपों के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया। पहले उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ, जिसे बाद में 50 हजार रुपये किया गया। अब गिरफ्तारी में लगातार नाकामी के चलते एडीजी मेरठ ने इनाम राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी है।

पुलिस की स्वाट टीमों के साथ-साथ यूपी एसटीएफ भी उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, उधम सिंह का नाम कुख्यात अपराधी संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा से जुड़े मामलों में भी सामने आ चुका है, जिसके चलते उसकी गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियां विशेष नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल, एक लाख के इनामी उधम सिंह की गिरफ्तारी मेरठ पुलिस और एसटीएफ की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मिडिया रिपोर्ट ए के सिंह परमहंस.

Post a Comment

Previous Post Next Post