गोंडा। जनपद के करनैलगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामजी दुबे को परिजनों ने गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले ही तीन दिन पूर्व रामजी दुबे के पिता, सेवानिवृत्त लोक निर्माण विभाग कर्मचारी हृदय नारायण दुबे की भी एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। पिता का तेरहवीं संस्कार अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि बेटे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
परिजनों के अनुसार, रामजी दुबे की शादी आगामी नवंबर माह में तय थी। वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई भगवान प्रसाद की शादी पहले ही हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में इस दोहरी त्रासदी के बाद कोहराम मचा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि रामजी दुबे अपने घर के बाहर मोबाइल चला रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
संवाददाता अंकित कमार सिंह
Post a Comment