पत्रकार: अंकित कुमार शर्मा
गोंडा, उत्तर प्रदेश। जिले में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन सिरप की भारी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात महादेवा क्रॉसिंग के पास स्थित एक कोरियर सेंटर पर की गई, जहां 132 पेटियों में करीब 19,790 शीशियां मिलीं। बरामद सिरप की अनुमानित कीमत लगभग 12.46 लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर सुमित वर्मा और नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर पूरी खेप को कब्जे में ले लिया। फिलहाल जब्त सिरप को कोरियर सेंटर मालिक की सुपुर्दगी में रखा गया है। जांच में सामने आया कि यह खेप आयरनगर स्थित गायत्री फार्म द्वारा मंगाई गई थी, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फॉर्म-15 के तहत नोटिस जारी कर खरीद-बिक्री का पूरा विवरण मांगा है।
बताया जा रहा है कि यह सिरप नोएडा के सेक्टर-58 स्थित एक दवा कंपनी से मंगाया गया था। मामले के बाद गायत्री फार्म पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और उसके मालिक सुधाकर दुबे के फरार होने की भी सूचना है।
अधिकारियों के अनुसार, कोडीन युक्त सिरप की खुले बाजार में बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसे केवल डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर ही बेचा जा सकता है। अक्सर इस तरह की दवाओं का दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है, जिस पर रोक लगाने के लिए प्रदेश भर में अभियान चलाया जा रहा है।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि यदि फर्म द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मंगाए गए सिरप की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जानी थी।
फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और पुलिस अवैध दवा कारोबार के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Post a Comment