छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडे से की हत्या, इलाके में सनसनी



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा: छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडे से हत्या, इलाके में सनसनी
गोंडा जिले के धनईपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पृथ्वी पाल गोंट ग्राम पंचायत के महतोड़ीह मजरे में एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना 9 मई की देर रात करीब 2 बजे की है। आरोपी छोटे भाई विराट तिवारी (26) ने अपने बड़े भाई सुमित तिवारी (39) के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाई शव के पास ही लेट गया।
सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य जागे तो उन्होंने सुमित को मृत पाया। पूछताछ के दौरान आरोपी विराट ने खुद ही हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक सुमित तिवारी 90 प्रतिशत दृष्टिहीन था और दिव्यांग भी था। उसकी शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह अकेला ही रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी विराट तिवारी मानसिक रूप से अस्थिर था और अक्सर आने-जाने वाले लोगों पर ईंट-पत्थर फेंकता रहता था, जिसे लोग नजरअंदाज कर देते थे।
सूचना मिलने पर धनईपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
थाना अध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि दोनों भाई मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post