वसई कोर्ट में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़ः एसीबी के जाल में फंसा सरकारी वकील




मुंबई/वसई: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाणे
भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने वसई न्यायालय में कार्यरत विशेष सहायक सरकारी अभियोजक भूपेश अजीत पुरंदारे को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से न्यायिक व्यवस्था में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के मुवक्किल ने मणिपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में जब्त संपत्ति की वापसी के लिए वसई की प्रथम श्रेणी सह-दिवानी न्यायालय में आवेदन दाखिल किया था। आरोप है कि इस आवेदन पर अनुकूल प्रतिक्रिया देने और प्रक्रिया में मदद करने के बदले विशेष सहायक सरकारी अभियोजक भूपेश अजीत पुरंदारे ने 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ठाणे भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते समय रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को सरकार और एसीबी की भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी मुहिम माना जा रहा है। 

संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post