संवाददाता अंकित कुमार शर्मा
गोंडा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार दूध टैंकर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पति, पत्नी और उनके मासूम बेटे की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती जिला के गंगापुर कलवारी निवासी मानसिंह (35), उनकी पत्नी उर्मिला (29) और बेटा लव कुश (12) बाइक से बहराइच जा रहे थे। वे अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान कनकपुर के पास अयोध्या की ओर जा रहे दूध टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। उर्मिला और लव कुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मानसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
Post a Comment