थाना कटरा का एसपी सौरभ दीक्षित ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर महिला हेल्प डेस्क तक परखी व्यवस्था




शाहजहांपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने थाना कटरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इसके बाद एसपी ने कार्यालय अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जनरल डायरी (जीडी), बीट बुक, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर और टॉप-10 अपराधियों की सूची का अवलोकन किया। साथ ही गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई, वारंट और समन की तामील तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा को लेकर एसपी ने महिला हेल्प डेस्क का विशेष निरीक्षण किया। यहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से संवाद कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और गोपनीयता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ऑनलाइन अभिलेखों के अद्यतन और डाटा फीडिंग की गुणवत्ता की समीक्षा की तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण कर माल के सुरक्षित रख-रखाव और शस्त्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान बंदीगृह की व्यवस्थाओं को भी परखा गया और बंदियों की सुरक्षा व आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। अंत में थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, बैंक व संवेदनशील स्थानों की चेकिंग और बीट पुलिसिंग की प्रभावशीलता की समीक्षा की गई। बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन से संवाद बढ़ाकर सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए।


अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post