मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग के अपहरण और शोषण मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार।


मुंबई के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट 6 ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य फरार आरोपी बाबु आयनल खान उर्फ बाबु गुरु उर्फ बाबु हिजड़ा (30) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी से एक ऐसे संगठित अपराध का पर्दाफाश हुआ है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक नाबालिग बच्चे का अपहरण किया था और उसे जबरन लड़की के कपड़े पहनाकर थर्ड जेंडर के रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद उसे मुंबई की लोकल ट्रेनों में भीख मांगने के लिए मजबूर किया जाता था। इतना ही नहीं, आरोपी पर यह भी गंभीर आरोप है कि उसने बच्चे को जबरन पुरुष ग्राहकों के साथ शारीरिक शोषण के लिए भी मजबूर किया।
इस अमानवीय कृत्य के संबंध में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
क्राइम ब्रांच यूनिट 6 को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी नवी मुंबई के वाशी-कोपरी गांव क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करीब 24 घंटे तक इलाके में निगरानी रखी और सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जब आरोपी को पुलिस की भनक लगी तो वह अपने साथियों के साथ कार से फरार होने की कोशिश करने लगा।
हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और ट्रॉम्बे के पांजरापोल जंक्शन के पास उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसकी इस जघन्य अपराध में सक्रिय भूमिका सामने आई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे शिवाजीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का पता चलता । संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post