संवाददाता रामजीत
आजमगढ़ जिले के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सोमवार रात एक कथित विवादित घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव ने जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। रामचंद्र यादव का आरोप है कि वह भोजन करने के बाद कार्यालय में बैठे थे, तभी ध्रुव सिंह वहां पहुंचे और बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें चार-पांच थप्पड़ मार दिए। यादव ने कहा कि वह पिछले लगभग 30 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं और इस घटना से गहरा आहत महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दे दी गई है और वह नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करेंगे। यादव ने सवाल उठाया कि यदि उन्हें पद से हटाना ही था, तो सीधे कहा जा सकता था, इस तरह का व्यवहार अनुचित है।
वहीं, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पार्टी के अंदरूनी विरोधियों की साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि कुछ असंतुष्ट लोग, जिन्हें पद या प्रतिष्ठा नहीं मिल पाई, उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं और उन्होंने किसी प्रकार का अभद्र व्यवहार नहीं किया।
इस मामले पर गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि उन्हें अभी तक इस घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ऐसी कोई घटना हुई है, तो वह निंदनीय है। उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है और इस प्रकार का आचरण स्वीकार्य नहीं है।
गौरतलब है कि इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आजमगढ़ में कार्यक्रम भी आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के दिन ही इस तरह के आरोप सामने आने से राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
Post a Comment