संवाददाता अमित कुमार शर्मा
गोंडा शहर के वीवीआईपी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी आवास से करीब 20 मीटर की दूरी पर फायरिंग की घटना हो गई। बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक शिक्षक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिसमें उनके चचेरे भाई को गोली लग गई।
घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शिक्षक राम सिंह और उनके भाई अजीत सिंह के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर राम सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अजीत सिंह पर गोली चला दी, लेकिन गोली अजीत सिंह को न लगकर उनके चचेरे भाई सुजीत सिंह के पेट के पास जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल सुजीत सिंह को तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी शिक्षक राम सिंह को हिरासत में लेकर उनकी लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उसी दौरान फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
Post a Comment