अवैध असला और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई



संवाददाता अजय सिंह 

शाहजहाँपुर के थाना सदर बाजार पुलिस ने अवैध शस्त्र रखने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं अवैध शस्त्र विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को वादी राजाराम पुत्र नन्हें लाल निवासी मोहल्ला खलीलगर्वी, थाना कोतवाली चौक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 113/26 धारा 333 बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने नामजद अभियुक्त नीलमणि चौधरी पुत्र स्वर्गीय इन्द्रमणि चौधरी, निवासी मोहल्ला मदराखेल, थाना कोतवाली चौक को उसी दिन दोपहर करीब 2:20 बजे वादी के घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का असला (पौनिया) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल संदीप बैसला एवं वादी पक्ष के लोगों का सहयोग रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post