गोंडा में स्क्रैप माफिया गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार




संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा, नगर कोतवाली, साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप कबाड़ के अवैध परिवहन और फर्जी बिलों के जरिए जीएसटी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सूरज गुप्ता, शुभम गुप्ता और सुल्तानपुर निवासी राम तीर्थ वर्मा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध कारोबार चला रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे मिक्स ओल्ड आयरन स्क्रैप का परिवहन कर रहे थे। 5 अक्टूबर 2025 को मुन्नन खां चौराहे के पास राज्य कर विभाग द्वारा एक ट्रक को रोका गया था, जिसमें यह बड़ा खुलासा हुआ।
पूछताछ में पता चला कि स्क्रैप माल गोंडा के नवाबगंज से लोड कर पंजाब भेजा जा रहा था, जबकि कागजों में लोडिंग स्थल रायपुर (छत्तीसगढ़) और डिलीवरी स्थान शिमला दर्शाया गया था। इससे साफ है कि पूरे नेटवर्क द्वारा टैक्स चोरी और अवैध कमाई का खेल खेला जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्म का रजिस्ट्रेशन निलंबित था और जिस पते पर फर्म दिखाई गई, वहां उसका कोई अस्तित्व नहीं मिला। इससे यह साबित होता है कि पूरा गिरोह संगठित तरीके से फर्जी दस्तावेजों के जरिए आर्थिक अपराध को अंजाम दे रहा था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और इस मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।                 

Post a Comment

Previous Post Next Post