बस्ती में इंटरमीडिएट छात्रा की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

बस्ती। जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के बैदरी एहतमाली गांव में सोमवार रात इंटरमीडिएट की एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान अनुष्का (पुत्री दिनेश कुमार) के रूप में हुई है, जो इन दिनों बोर्ड परीक्षा दे रही थी। जानकारी के अनुसार सोमवार रात अनुष्का अपने 13 वर्षीय भाई अवनीश के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही युवक मंदीप पुत्र रंगीलाल वहां पहुंचा और छात्रा के सिर व सीने में दो गोलियां दाग दीं।
गोली चलने की आवाज सुनकर पास में सो रही मां अनीता की नींद खुल गई। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी असलहा तान दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
परिजन गंभीर रूप से घायल छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पहले छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया था। जब छात्रा ने दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी ने दिसंबर 2025 में उसके कुछ निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे। इस मामले में पुलिस ने पहले ही आईटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन आरोपी तब से फरार चल रहा था।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पहले ही सख्त कार्रवाई की गई होती, तो शायद यह दर्दनाक घटना नहीं होती।

Post a Comment

Previous Post Next Post