50 हजार का इनामी गो-तस्कर मोहम्मद बिलाल गिरफ्तार, STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई



संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा (उत्तर प्रदेश)। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी गो-तस्कर मोहम्मद बिलाल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यूपी STF और परसपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश देकर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मोहम्मद बिलाल के खिलाफ 5 जनवरी 2024 को परसपुर थाने में पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया था। उस दौरान वह ट्रक में गोवंश लादकर ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पता चला कि फरार होने के बाद आरोपी मध्य प्रदेश में छिपकर रह रहा था और वहीं से अपना नेटवर्क चला रहा था। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर STF और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद बिलाल उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गोवंश लाकर हरियाणा, पंजाब, बिहार और पश्चिम बंगाल तक तस्करी करता था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया था।
परसपुर थाना अध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को गोंडा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post