मोदी ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन




संवाददाता ए के सिंह 

जौनपुर। आम आदमी पार्टी की जिला इकाई के तत्वावधान में शनिवार को जिला मुख्यालय पर मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए समझौते के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने कहा कि प्रस्तावित डील किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों के प्रतिकूल है। उनका आरोप था कि अमेरिका अपने किसानों को भारी सब्सिडी देता है, जबकि भारतीय किसानों को असमान प्रतिस्पर्धा में धकेला जा रहा है। इससे देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रभावित होगी, इसलिए इसे तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए।
जिला महासचिव विनोद प्रजापति ने कहा कि संसद और जनता को विश्वास में लिए बिना इस प्रकार का समझौता करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। सरकार को डील की सभी शर्तें सार्वजनिक करनी चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि यह समझौता युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के भविष्य से जुड़ा विषय है। यदि स्थानीय उद्योग कमजोर होंगे तो रोजगार के अवसर घटेंगे और इसका सीधा असर परिवारों पर पड़ेगा।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह (बागी), अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल गौतम, मुरली मनोहर, संजय कुमार पाल, लाल मोहम्मद, कमलेश, दिनेश, नंदलाल, लाले विंद, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश अस्थाना, अनुराग मणि, अमित विश्वकर्मा, दर्शनी, चंद्रावती, जय सिंह गौतम समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post