पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा उक्त कार्यशाला में प्रतिभाग करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत सामयिक एवं उपयोगी कार्यशाला है। आज के डिजिटल युग में साइबर उपयोग जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। कोविड काल के पश्चात ई-कॉमर्स के क्षेत्र में लगभग 60 से 70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की सक्रियता में भी उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है। वर्तमान समय में अधिकांश लोग इंटरनेट से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं, किन्तु इसके दुरुपयोग की घटनाएँ भी सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज का युवा वर्ग साइबर गेमिंग की लत जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 के सम्बोधन के प्रमुख बिन्दुः-
1. समाज पर साइबर अपराध का प्रभाव
वर्तमान परिदृश्य में समाज का शायद ही कोई वर्ग साइबर क्राइम से अप्रभावित रहा हो।
हमारे स्कूली बच्चे साइबर बुलिंग का शिकार होते हैं।
महिलाएं एवं बालिकाएं साइबर स्टॉकिंग तथा अन्य महिला-केंद्रित साइबर अपराधों की शिकार होती हैं।
2. डिजिटल अरेस्ट — एक उभरता खतरा
डिजिटल अरेस्ट एक उभरता हुआ साइबर अपराध है, जिससे सभ्रांत वर्ग के नागरिक शिकार हुए हैं और जीवन भर की कमाई गंवा चुके हैं।
3. आर्थिक अपराध के तीन प्रमुख कारण
अधिकांश लोग तीन कारणों से साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं —
1. लालच
2. भय
3. लापरवाही
4. नागरिकों के लिए तीन जरूरी उपाय
साइबर अपराध से बचाव के लिए नागरिकों को इन तीन उपायों पर ध्यान देना चाहिए:
• तत्काल 1930 डायल करें।
• गोल्डन टाइम-फ्रेम के भीतर रिपोर्ट करें।
• सही तथ्यों को दर्ज करें।
5. बच्चों और युवाओं में साइबर सजगता
बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग के दुष्प्रभाव के बारे में सतर्क करना आवश्यक है।
आज के युग में सोशल मीडिया नशे की तरह युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है।
इसके लिए हमें और अधिक सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता है।
6. पुलिस अधिकारियों के लिए संदेश
थाना प्रभारियों को यह अवधारणा त्यागनी होगी कि “साइबर अपराध की जांच हम नहीं कर सकते।”
साइबर अपराध की जांच (Investigation) पूर्णतः SOP आधारित एवं व्यवस्थित (Straightforward) है।
यदि कोई अधिकारी इसे खुले मन से सीखना चाहे तो इसके छह–सात चरणों को समझकर पाएगा कि यह विवेचना सामान्य आपराधिक जांच से भी अधिक सरल और त्वरित है।
साइबर अपराध का दायरा और दुष्प्रभाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है, इसलिए पुलिस कर्मियों का आत्मविश्वास और कौशल जितना बढ़ेगा, उतना ही नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और भरोसा भी सुदृढ़ होगा।
7. साइबर सुरक्षा में नागरिक सहभागिता
साइबर क्राइम से बचाव हेतु मजबूत पासवर्ड एवं अपडेटेड सॉफ्टवेयर का प्रयोग करें और सदैव सतर्क रहें।
• उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक-केंद्रित, त्वरित एवं पारदर्शी साइबर कानून प्रवर्तन के साथ-साथ राज्य को साइबर अपराध-मुक्त तथा देश को साइबर नियंत्रण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
• यह लक्ष्य तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक सतर्क, सजग और सहयोगी बनकर इस मिशन में सहभागी बने।
• सुरक्षित डिजिटल उत्तर प्रदेश तभी बनेगा जब जनता और पुलिस साथ हों।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा साइबर क्राइम नियंत्रण के प्रयास एवं प्रगति
उत्तर प्रदेश पुलिस न केवल अपराधियों के खिलाफ सशक्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित डिजिटल जीवन प्रदान करने के मिशन पर निरंतर अग्रसर है।
Post a Comment