मुंबई: आज सुबह करीब 6:40 बजे विक्रोली के नारायण बोधे ब्रिज की दक्षिणी दिशा (ठाणे दिशा) की उतरणी पर दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिससे दोनों वाहन पलट गए। इस दुर्घटना से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, टाटा सफारी (क्रमांक MH01EB1717) को पीछे से आ रहे टेम्पो (क्रमांक MH19CY4740) ने टक्कर मार दी, जिससे सफारी वाहन पलट गया। इस वाहन को बचाने की कोशिश करते हुए एक अन्य टेम्पो (क्रमांक MH47AS6854) का चालक नियंत्रण खो बैठा और उसका वाहन फुटपाथ से होते हुए साउथ बॉउंड मार्ग पर पलट गया।
सौभाग्यवश, टाटा सफारी में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हालांकि, टेम्पो (MH47AS6854) का चालक अंकित धनंजय दुबे (उम्र 28 वर्ष, निवासी राठी, भिवंडी, ठाणे) को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया।
दोनों वाहनों को गंभीर क्षति पहुंची है और वे चालू हालत में नहीं हैं। ट्रैफिक पुलिस की मदद से दोनों वाहनों को नारायण बोधे ब्रिज के नीचे हटाया गया, और कुछ समय बाद यातायात फिर से सामान्य रूप से शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment