न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी)
लखनऊ: 04 अक्टूबर, 2024
अयोध्या के मिल्कीपुर में उधैला झील है, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। झील की खूबसूरती और मेहमान पक्षियों को देखने बहुतायत पर्यटकों का आना होता है। इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड यहां पर्यटक सुविधाएं विकसित कर रहा है। इसके लिए 3.81 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं, जिससे किड्स प्ले एरिया, घाट का निर्माण, कैंटीन, कॉटेजेज, पार्किंग, प्रवेश द्वार, गार्ड रूम, टिकट काउंटर, टीला, नेचर ट्रेल आदि का निर्माण होगा।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म का हब है। इसी कड़ी में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या इको पर्यटन के क्षेत्र में भी पर्यटकों को आकर्षित करेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने तैयारियां कर ली है। लगभग चार करोड़ रुपए की राशि से मिल्कीपुर स्थित उधैला झील के आसपास पर्यटन सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है।
जयवीर सिंह ने बताया कि विश्व पर्यटन के मानचित्र पर उत्तर प्रदेश बहुत तेजी से उभर रहा है। मौजूदा वर्ष में जनवरी से जून तक लगभग 33 करोड़ पर्यटक यूपी भ्रमण पर आए थे। इसमें करीब 11 करोड़ लोगों ने अयोध्या का भ्रमण किया। विभाग का प्रयास है कि धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों के साथ-साथ ईको, रूरल सहित पर्यटन के अन्य आयाम पर्यटकों को आकर्षित करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हेरीटेज और अध्यात्मिक पर्यटन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाई गयी हैं।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा, हमारा प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को विशिष्ट अनुभव प्राप्त हो। इसके लिए पर्यटन स्थलों के साथ पर्यटक सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। पर्यटन के क्षेत्र में निवेश भी बढ़ा है। विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विश्व के विभिन्न मंचांे पर पर्यटन विभाग उ0प्र0 के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार एवं रोड शो कर रहा है। राज्य सरकार पर्यटन सेक्टर में असीमित संभावनाओं को देखते हुए पर्यटक स्थलों का लगातार सौन्दर्यीकरण करा रही है।
Post a Comment