आजमगढ़। सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करना एक महिला को भारी पड़ गया। आजमगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत महिला की पहचान कर उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र की पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लिया, जिसमें एक महिला रिवाल्वर के साथ रील बनाकर पोस्ट करती दिखाई दी।
पुलिस ने वीडियो की जांच कर संबंधित महिला की पहचान की। इसके बाद 24 नवंबर 2026 को महिला के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा (चौकी प्रभारी सिविल लाइन), कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल अनुज एवं महिला कांस्टेबल आकांक्षा सिंह शामिल रहीं।
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment